home page

देवरिया : पुलिस सहायता बूथ में होमगार्ड ने परिचित के साथ पी शराब, वीडियो वायरल होने पर जांच में पुष्टि

 | 
देवरिया : पुलिस सहायता बूथ में होमगार्ड ने परिचित के साथ पी शराब, वीडियो वायरल होने पर जांच में पुष्टि


देवरिया, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में शहर के भीखमपुर रोड पर पिपरपाती चौराहे के पास स्थित पुलिस सहायता बूथ में होमगार्ड के ड्यूटी के दौरान शराब पीने का मामला रविवार को सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में होमगार्ड की वर्दी पहने एक व्यक्ति दूसरे शख्स के साथ बूथ के अंदर बैठा दिखाई दे रहा है। दोनों के सामने शराब की बोतल और गिलास रखे हुए हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी को सौंपी थी। जांच में होमगार्ड द्वारा ड्यूटी के दौरान शराब पीने की पुष्टि हुई है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो भीखमपुर रोड पर पिपरपाती नहर के पास बने पुलिस सहायता बूथ का है। वीडियो शुक्रवार का बताया जा रहा है। इसमें बूथ के अंदर दो लोग बैठे दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक व्यक्ति होमगार्ड की वर्दी पहने हुए है। दोनों के सामने शराब की बोतल और गिलास नजर आ रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में इसकी चर्चा शुरू हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे वर्दीधारी कर्मी की पहचान होमगार्ड रामप्रयाग यादव के रूप में हुई। उनकी ड्यूटी उक्त स्थान पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए लगाई गई थी।

क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि 31 अक्टूबर 2026 को सोशल मीडिया पर थाना कोतवाली क्षेत्र के पिपरपाती चौराहे पर स्थित यातायात बूथ में एक वर्दीधारी कर्मी द्वारा शराब का सेवन किए जाने का वीडियो संज्ञान में आया था। मामले की जांच में संबंधित कर्मी की पहचान होमगार्ड रामप्रयाग यादव के रूप में हुई।

उन्होंने बताया कि संबंधित होमगार्ड की ड्यूटी उक्त स्थान पर यातायात व्यवस्था के लिए लगाई गई थी। जांच और पूछताछ में उनके द्वारा ड्यूटी के दौरान अपने एक परिचित व्यक्ति के साथ शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई है।

सीओ ने बताया कि ड्यूटी के दौरान इस तरह का कृत्य राजकीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता का परिचायक है। प्रकरण में आगे की विभागीय कार्रवाई के लिए जांच आख्या जिला होमगार्ड कमांडेंट, देवरिया को भेज दी गई है। अब होमगार्ड विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक