home page

देवरिया में अवैध रूप से संचालित हिंद पैथोलॉजी सील, जांच में नहीं मिले वैध दस्तावेज

 | 
देवरिया में अवैध रूप से संचालित हिंद पैथोलॉजी सील, जांच में नहीं मिले वैध दस्तावेज


देवरिया, 10 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को बैतालपुर क्षेत्र के मडुआडीह चौराहा स्थित हिंद पैथोलॉजी लैब पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। जांच के दौरान लैब बिना वैध पंजीकरण के संचालित पाई गई।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजीत कुमार सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार की दोपहर करीब दो बजे मडुआडीह चौराहा स्थित हिंद पैथोलॉजी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लैब संचालक वसीम अंसारी, पुत्र महबूब आलम, निवासी ग्राम करज, पोस्ट रामपुर बुजुर्ग से पंजीकरण प्रमाणपत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। हालांकि वह कोई वैध अभिलेख नहीं दिखा सके।

दस्तावेजों के अभाव और बिना पंजीकरण के संस्थान संचालित होने की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से पैथोलॉजी लैब को सील कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि बिना अनुमति स्वास्थ्य संबंधी संस्थानों का संचालन मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक