महात्मा गांधी के विचार सदैव रहेंगे प्रासंगिक : काली प्रसाद
देवरिया, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर नगर पालिका परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद समेत उपस्थित लोगों ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और देश के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
मुख्य वक्ता काली प्रसाद ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को हथियार बनाकर देश को स्वतंत्रता आंदोलन में एकजुट किया। उनका जीवन त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश देता है। गांधीजी ने समाज के अंतिम व्यक्ति की चिंता करने के साथ स्वच्छता, स्वावलंबन और सामाजिक समरसता पर जोर दिया। उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक के जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। स्वच्छ और सुंदर देवरिया के निर्माण में जनभागीदारी आवश्यक है।
नगरपालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने कहा कि गांधी जी ने स्वच्छता को स्वस्थ और सभ्य समाज की आधारशिला माना था। नगरपालिका की ओर से स्वच्छता और जनसुविधाओं को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नागरिकों को घर के साथ सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने में सहयोग करना चाहिए।
नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा ने कहा कि गांधीजी का जीवन देश और समाज के लिए समर्पित रहा। उन्होंने सत्य, अहिंसा और मानवता के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। युवा पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर जिला महामंत्री अजय कुमार दुबे, कृष्णनाथ राय, रवि प्रकाश कुशवाहा, गोविंद चौरसिया, विजय बेलदार सहित कार्यकर्ता, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

