देवरिया : किसान दिवस में किसानों ने उठाईं समस्याएं, बकाया भुगतान की शिकायत पर दुग्ध प्रबंधक को नोटिस जारी
देवरिया, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में विकास भवन के गांधी सभागार में किसान दिवस का आयोजन बुधवार को किया गया । बैठक में किसानों ने विद्युत, सिंचाई, अंश निर्धारण, गन्ना भुगतान और दुग्ध भुगतान समेत विभिन्न समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि किसान दिवस में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित हों और किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर नम्रता के साथ समाधान कराएं। उन्होंने सभी विभागों को अगली बैठक से पहले लंबित मामलों की अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य ने पिछली बैठक में प्राप्त 10 शिकायतों की अनुपालन आख्या से किसानों को अवगत कराया। पाण्डेय चक चौराहे पर जलजमाव से करीब 400 एकड़ धान की फसल खराब होने की शिकायत पर डीएम ने अधिशासी अभियंता सिंचाई नहर को समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। बलियवां में विद्युत पोल नहीं होने की शिकायत पर अवर अभियंता से जांच कर नियमानुसार पोल लगवाने तथा खजुरी करौता में नीचे लटक रहे विद्युत तार को दुरुस्त कराने को कहा।
किसानों ने अंश निर्धारण के नाम पर धन उगाही की शिकायत की। जिलाधिकारी ने कहा कि अंश निर्धारण के लिए किसी को पैसा न दें और आवेदन संबंधित तहसील में जमा करें। निर्धारित समय में अंश निर्धारण नहीं करने वाले लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसानों की विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं पर डीएम ने रोस्टर के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित कराने की बात कही। उन्होंने नहरों की नियमित जांच कर टेल तक पानी पहुंचने की स्थिति स्पष्ट रखने के निर्देश दिए। किसान यूनियन ने ग्राम सचिवालयों में पंचायत और राजस्व कर्मियों की नियमित उपस्थिति की मांग रखी।
गन्ना भुगतान की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उत्पादन और उत्पादकता में संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। दुग्ध विभाग के बकाया भुगतान की शिकायत पर दुग्ध प्रबंधक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। तेनुआ चौबे के जितेन्द्र चतुर्वेदी ने टीनशेड के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार को हटाने की मांग की, जिस पर विद्युत विभाग को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, किसान यूनियन के प्रतिनिधि और प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

