home page

देवरिया : लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण पर जोर

 | 
देवरिया : लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण पर जोर


देवरिया : लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण पर जोर


देवरिया, 20 सितंबर (हि.स.) । अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी (एएसपी) आनन्द कुमार पांडेय ने रविवार को पुलिस लाइंस स्थित सभागार में रुद्रपुर सर्किल के सभी थानों का अर्दली रूम आयोजित कर लंबित विवेचनाओं और अभियोगों की गहन समीक्षा की। इस दौरान थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक और विवेचक विवेचना रजिस्टर व केस डायरी के साथ मौजूद रहे। हेड मुंशी और क्राइम मुंशी ने अपराध रजिस्टर प्रस्तुत किया।

एएसपी ने थाना-वार और विवेचक-वार तीन से छह माह, छह से 12 माह, एक से दो वर्ष तथा दो वर्ष से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। पार्ट पेंडिंग विवेचनाओं, जनपद से बाहर स्थानांतरित मामलों तथा बीएनएस के तहत 60 और 90 दिन से अधिक समय से लंबित अभियोगों की भी जानकारी ली।

उन्होंने गोवध, गैंगस्टर, पुरस्कार घोषित और लंबे समय से वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचकों को लंबित मामलों में आवश्यक साक्ष्य जुटाने, गवाहों के बयान दर्ज करने तथा तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का समुचित संकलन कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध विवेचना पूरी करने को कहा।

एएसपी ने अनावश्यक रूप से लंबित मामलों को चिह्नित कर उनके निस्तारण के लिए कार्ययोजना बनाने और नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विवेचना में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। लापरवाही या अनावश्यक विलंब मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक