देवरिया : बंदर के धक्के से छत से गिरे बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत
देवरिया, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के बरहज थाना क्षेत्र के पटेल नगर में बुधवार को बंदर के कथित धक्के से छत से गिरकर 60 वर्षीय बुजुर्ग की गुरुवार को मौत हो गई। हादसा कपड़े फैलाने के दौरान हुआ। गंभीर रूप से घायल विनोद निषाद को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार विनोद बुधवार सुबह घर की छत पर कपड़े फैलाने गए थे। इसी दौरान पीछे से एक बंदर आया और कथित तौर पर उन्हें धक्का दे दिया। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे जमीन पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर, पेट और सीने में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तत्काल बरहज सीएचसी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

