आईजीआरएस प्रकरणों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण पर डीएम सख्त, तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
देवरिया, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) के प्रकरणों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन अधिकारियों को मंगलवार कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी इन दिनों आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा कर रहे हैं और प्रत्येक प्रकरण का फीडबैक स्वयं प्राप्त कर रहे हैं। जिन मामलों में शिकायतकर्ता असंतुष्ट पाया जा रहा है अथवा निस्तारण में लापरवाही या त्रुटि सामने आ रही है, उनमें संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
समीक्षा के दौरान खंड विकास अधिकारी भागलपुर, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग तथा जिला पंचायत राज अधिकारी के कार्यों में अनियमितता पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। खंड विकास अधिकारी भागलपुर के विरुद्ध ग्राम देवड़ा निवासी राम मनोहर सिंह की नाली निर्माण में अनियमितता और गुणवत्ता संबंधी शिकायत का सही निस्तारण न करने पर कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार ग्राम छपिया जयदेव निवासी अवनीश कुमार सिंह मिश्रा द्वारा शहीद विजय मौर्य मार्ग के अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराने संबंधी शिकायत के त्रुटिपूर्ण निस्तारण पर अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग को नोटिस जारी किया गया।
वहीं ग्राम परसिया अहीर टोला निवासी दीपक सैनी, ग्राम सकुतई निवासी संतोष कुशवाहा तथा ग्राम करौता निवासी प्रतिमा देवी की शिकायतों में गलत आख्या प्रस्तुत किए जाने पर जिला पंचायत राज अधिकारी से जवाब तलब किया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि आईजीआरएस शिकायतों का वास्तविक, तथ्यपरक और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

