home page

देवरिया : स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त, तीन प्रभारी चिकित्साधिकारियों का वेतन रोका

 | 
देवरिया : स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त, तीन प्रभारी चिकित्साधिकारियों का वेतन रोका


देवरिया, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं की समीक्षा की गई। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने और लापरवाही पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बैतालपुर, बनकटा और रामपुर कारखाना के प्रभारी चिकित्साधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। बैतालपुर के नोडल अधिकारी/एसीएमओ का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने तथा भाटपाररानी के नोडल अधिकारी/एसीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी एसीएमओ बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारियों को आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की नियमित समीक्षा करने और कमजोर प्रदर्शन वाली आशाओं की समस्याओं का पता लगाकर सुधार कराने के निर्देश दिए। प्रत्येक क्षेत्र की पांच-पांच ऐसी आशा कार्यकर्ताओं से एसीएमओ, प्रभारी चिकित्साधिकारी और सीएचओ संवाद कर उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन देंगे।

मातृ-शिशु मृत्यु रोकने पर जोर

जिलाधिकारी ने मातृ एवं शिशु मृत्यु के प्रत्येक मामले का ऑडिट कराने और गर्भवती महिलाओं की सभी निर्धारित जांच समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आरबीएसके टीमों को सक्रिय करने के साथ गर्भवती महिलाओं और बच्चों से जुड़ी सेवाओं में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने देने को कहा।

बैठक में एमसीपी कार्ड, टीकाकरण, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (एचआरपी), धात्री महिलाओं के फॉलोअप, मिसिंग डिलीवरी, मंत्रा पोर्टल, ई-कवच, आभा पंजीकरण, सीएचओ की उपलब्धता और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने कमजोर प्रगति वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देकर सुधार के निर्देश दिए।

उन्होंने पीएचसी-सीएचसी और आवासीय परिसरों में आवश्यक कार्यों के लिए प्रभारी चिकित्साधिकारियों को बीडीओ के साथ समन्वय कर संयुक्त प्रस्ताव तैयार करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. एसके सिन्हा, सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक