विद्यालयों के नियमित निरीक्षण और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी
देवरिया, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। अधिकारियों को विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने, नियमित निरीक्षण करने तथा विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी खंड शिक्षा अधिकारी और खंड विकास अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करें और निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों का समयबद्ध समाधान कराएं। उन्होंने मान्यता प्राप्त और अवैध रूप से संचालित विद्यालयों पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों को सक्षम विद्यालयों की श्रेणी में लाने के लिए डीसी, डाइट प्राचार्य तथा अन्य नामित अधिकारियों का निरीक्षण रोस्टर तैयार किया जाए। निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों की जानकारी संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को देकर उनका शीघ्र निस्तारण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षण संकुल की बैठकें नियमित रूप से आयोजित हों तथा कायाकल्प योजना के तहत निर्धारित 19 मानकों की संतृप्ति प्राथमिकता पर पूरी की जाए। निरीक्षण के दौरान निपुण तालिका, पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता और अन्य शैक्षिक संसाधनों की भी समीक्षा की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि विद्यालयों में पठन-पाठन, शैक्षिक गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को नगरीय क्षेत्रों तथा खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के कम से कम 20 विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की डिजिटल उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विद्यालयों में उपस्थिति कम मिलेगी या डिजिटल उपस्थिति दर्ज नहीं होगी, वहां संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों के अनुरूप बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर बल दिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राम शंकर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. रामजियावन मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

