देवरिया : जिलाधिकारी ने सीएचसी सलेमपुर का औचक निरीक्षण किया,कई चिकित्सक अनुपस्थित मिले
देवरिया, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सलेमपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कुछ चिकित्सक अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ चिकित्सक बिना एप्रन के ड्यूटी करते पाए गए। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबंधित चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सीएचसी के एमसीएच विंग का निरीक्षण कर भर्ती गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने हाल में हुए प्रसव की जानकारी लेने के साथ नवजात बच्चों और माताओं के टीकाकरण कार्ड भी जांचे।
डीएम ने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और एएनएम को निर्देश दिया कि वीएचएसएनडी सत्रों में गर्भवती महिलाओं और बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच तथा टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने टीकाकरण कार्ड में जांच और टीकाकरण से संबंधित सभी विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज करने को कहा।
उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा मरीजों को समय से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

