home page

देवरिया : समीक्षा बैठक में डीएम ने तय की जवाबदेही, लापरवाही पर कार्रवाई

 | 
देवरिया : समीक्षा बैठक में डीएम ने तय की जवाबदेही, लापरवाही पर कार्रवाई


देवरिया, 24 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

समीक्षा के दौरान पर्यटन कार्यालय के निर्माण कार्य में जिलाधिकारी के पूर्व निर्देशों के बावजूद लगातार लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य की प्रभावी निगरानी एवं अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित न किए जाने पर जिला पर्यटन अधिकारी का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करते हुए कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी अधिकारियों को बैठकों में निर्धारित समय पर उपस्थित रहने तथा सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की प्रगति में लापरवाही या अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों को पूरा करने तथा कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक