home page

देवरिया में डीएम-एसपी ने जिला कारागार में किया आकस्मिक निरीक्षण

 | 
देवरिया में डीएम-एसपी ने जिला कारागार में किया आकस्मिक निरीक्षण


देवरिया, 08 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने शनिवार को जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की सुविधाओं, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने महिला बैरक के निरीक्षण के दौरान महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों के लिए पौष्टिक आहार, नियमित टीकाकरण और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनके स्वास्थ्य एवं विकास से जुड़ी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाए।

इसके बाद डीएम ने कारागार की पाकशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विशेष सुरक्षा वाले बैरकों में निगरानी और सतर्कता बढ़ाने तथा वहां निरुद्ध बंदियों की गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखने को कहा।

जेल चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीमार बंदियों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी बंदी को अनावश्यक रूप से जेल चिकित्सालय में भर्ती न रखा जाए। उन्होंने कम उम्र के युवक-युवतियों और महिला बंदियों को कौशल विकास योजनाओं से जोड़कर उनके कौशल एवं दक्षता को विकसित करने पर जोर दिया।

डीएम ने ‘एक जेल एक उत्पाद’ के तहत बंदियों ने निर्मित उत्पादों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाने के साथ उनकी उचित मार्केटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बंदियों को उनके उत्पादों का बेहतर बाजार और उचित लाभ मिल सके।

उन्होंने 70 वर्ष से अधिक उम्र के सिद्धदोष पुरुष बंदियों तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र की सिद्धदोष महिला बंदियों की दया याचिका एवं समयपूर्व रिहाई के लिए नियमानुसार प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। जिन बंदियों को अधिवक्ता संबंधी विधिक सहायता उपलब्ध नहीं हो पा रही है, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से शासकीय अधिवक्ता उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि उनके मामलों की प्रभावी पैरवी हो सके।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने तथा जेल परिसर की प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक नहीं होनी चाहिए। इस दौरान जेल अधीक्षक आशीष रंजन सहित जेल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक