देवरिया : एक सप्ताह में अधूरे कार्य पूरे करने के निर्देश, लापरवाही पर वेतन रोकने की चेतावनी : जिलाधिकारी
- डीएम ने नवीन मंडी के निर्माणाधीन कार्यों का किया निरीक्षण
देवरिया, 16 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को नवीन मंडी स्थल देवरिया का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान 25 ‘स’ श्रेणी की निर्माणाधीन दुकानों, छायादार नीलामी चबूतरे, चार वाटर स्टैंड पोस्ट, जलापूर्ति, आरसीसी नाली और आंतरिक मार्गों के मरम्मत व निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधूरे कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। नाली और आंतरिक मार्गों का कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने मंडी परिसर में जल निकासी और आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने व्यापारियों और आमजन के लिए पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली तथा वाटर स्टैंड पोस्ट और जलापूर्ति का कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा। छायादार नीलामी चबूतरे का निर्माण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने को कहा। जिन दुकानों में सामान रखा है, उन्हें खाली कराकर नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करते हुए हैंडओवर कराने के निर्देश दिए। पुराने दुकानों के आवंटन से संबंधित पत्रावलियां भी प्रस्तुत करने को कहा, ताकि लंबित कार्रवाई जल्द पूरी की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने या निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही मिलने पर वेतन रोकने की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि मंडी परिसर में व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी निर्माण और व्यवस्थागत कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान डीएसटीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएसटीओ आनंद चौरसिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

