home page

देवरिया सीडीओ ने बच्चों के साथ किया कृमिनाशक दवा का सेवन

 | 
देवरिया सीडीओ ने बच्चों के साथ किया कृमिनाशक दवा का सेवन


देवरिया, 10 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बच्चों के साथ स्वयं कृमिनाशक दवा का सेवन कर किशोरियों का उत्साह बढ़ाया। अधिकारियों ने बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं के लिए निबंध और पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्राओं ने कृमि संक्रमण से बचाव, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने कहा कि अधिकारियों द्वारा बच्चों के साथ स्वयं दवा का सेवन करने का उद्देश्य दवा को लेकर बच्चों और अभिभावकों के मन में किसी भी तरह के भ्रम या भय को दूर करना है।

सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए समय-समय पर कृमिनाशक दवा का सेवन जरूरी है। इसके साथ ही हाथों की नियमित सफाई, साफ पानी का सेवन, नाखूनों की स्वच्छता और स्वच्छ भोजन की आदतों को अपनाना चाहिए। उन्होंने बच्चों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में डीआईओएस हरीशचंदनाथ, डिप्टी सीएमओ डॉ. कार्तिक पाण्डेय, डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पाण्डेय, डॉ. विपिन रंजन, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, प्रधानाचार्य शांति राय सहित सीफार, ऐडक्सन और जेएसआई के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक