home page

ओमान के तट के पास मालवाहक जहाज पर हमला, देवरिया के सूरज की मौत

 | 
ओमान के तट के पास मालवाहक जहाज पर हमला, देवरिया के सूरज की मौत


देवरिया, 24 सितंबर (हि.स.)। ओमान के तट के पास भारत आ रहे मालवाहक जहाज एमवी केप दाओ पर बुधवार को हुए हमले में देवरिया के सूरज यादव की मौत हो गई। भारतीय दूतावास, मस्कट ने एक भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की है। दूतावास ओमानी अधिकारियों के साथ मिलकर जहाज पर सवार भारतीयों की सुरक्षा और मृतक के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में समन्वय कर रहा है।

फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (एफएसयूआई) ने मृतक की पहचान गौरीबाजार थाना क्षेत्र के कर्मजीतपुर गांव निवासी सूरज यादव के रूप में की है। यूनियन के अनुसार सूरज जहाज पर वाइपर के पद पर तैनात थे। जहाज पर कुल 28 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें एफएसयूआई ने 20 भारतीयों के होने की जानकारी दी है। हालांकि, भारतीय दूतावास की शुरुआती जानकारी में 19 भारतीय नागरिकों का उल्लेख था।

ओमानी अधिकारियों के मुताबिक हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई। रॉयल नेवी ऑफ ओमान ने 27 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी सूरज यादव की मौत पर शोक जताया है। उन्होंने बताया कि सूरज को सिर में चोट आई थी और उनके पार्थिव शरीर को सम्मान के साथ भारत लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

एफएसयूआई ने दावा किया है कि जहाज पर दो टॉरपीडो से हमला हुआ था। हालांकि, हमले के स्रोत और इसके लिए जिम्मेदार पक्ष की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसलिए टॉरपीडो हमले का दावा फिलहाल यूनियन के बयान के रूप में ही सामने आया है।

सूरज के पिता ओम प्रकाश यादव वर्तमान में कुवैत में हैं। परिवार के अनुसार सूरज चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी मौत की खबर से कर्मजीतपुर गांव में शोक का माहौल है। परिजन पार्थिव शरीर के भारत पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। भारतीय दूतावास ने बताया कि वह ओमानी अधिकारियों, संबंधित आरपीएसएल एजेंसी और परिवार के संपर्क में है। विदेश मंत्रालय ने वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक