home page

जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का लें संकल्प : एसएन सिंह

 | 
जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का लें संकल्प : एसएन सिंह


देवरिया, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त होने के बाद एसएन सिंह के सम्मान में बुधवार को जिला पंचायत सभागार में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण से पार्टी की विचारधारा तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत प्रशासक पंडित गिरीश चंद तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष छठे लाल निगम और निवर्तमान जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एसएन सिंह को शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए संगठन के प्रति उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में पार्टी की संगठनात्मक मजबूती, सरकार की उपलब्धियों और जनसंपर्क को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।

मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

पत्रकारों से रूबरू होते हुए प्रदेश प्रवक्ता एसएन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकारें विकास, सुशासन, जनकल्याण और जनसुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही हैं। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक सुविधाएं पहुंचाना और आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक