देवरिया : बच्चों के स्वस्थ एवं समुचित विकास के लिए पोषण पर विशेष ध्यान देना जरूरी : सूर्य प्रताप शाही
देवरिया, 25 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बाल विकास परियोजना पथरदेवा, तरकुलवा और देसही देवरिया का संयुक्त कार्यक्रम तरकुलवा में शुक्रवार काे आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रतिभाग किया।
सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ एवं समुचित विकास के लिए पोषण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को संतुलित आहार व बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इनके माध्यम से महिलाओं और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है।
उन्होंने कहा कि योजनाओं का संचालन तभी सार्थक है, जब उसका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। कुपोषण से बचाव के लिए परिवार और समुदाय की सहभागिता जरूरी है। माताएं बच्चों के खान-पान, स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहें तथा आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाली सेवाओं का नियमित लाभ उठाएं।
कार्यक्रम के दौरान 20 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 20 आशाओं को सम्मानित किया गया। उपस्थित महिलाओं और लाभार्थियों को संतुलित आहार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छता और बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूक किया गया। बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को माताओं और परिवारों से जोड़ने तथा सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, आशाएं, लाभार्थी महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

