किसानों और जरूरतमंद परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है सरकार : सूर्य प्रताप शाही
- नौ पीड़ित परिवारों को मिले पांच-पांच लाख के चेक, 24 कनिष्ठ सहायकों को मिला नियुक्ति पत्र
देवरिया, 11 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत जिले के नौ पीड़ित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी और रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि जनपद के 24 चयनित कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र मिले हैं। कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के माध्यम से दुर्घटना में प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल दिया जा रहा है। अर्नव तूफान और अत्यधिक बारिश से फसलों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति भी सरकार ने उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि निराश्रित महिलाओं, अनाथ बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए सरकार कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत पात्र बच्चों को पढ़ाई और भरण-पोषण के लिए प्रतिमाह चार हजार रुपये दिए जाते हैं।
उन्होंने लाभार्थियों से कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए दलालों और बिचौलियों के चक्कर में न पड़ें। पात्र लोग स्वयं पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि परिवार के कमाऊ सदस्य की दुर्घटना में मृत्यु होने पर परिजनों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे परिवारों को सहायता देकर सरकार उनके भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास कर रही है। रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि किसानों, गरीबों और निराश्रित परिवारों की मदद सरकार की प्राथमिकता है।
जिले के नौ लाभार्थियों में निधू देवी, अंजना यादव, चंद्रा पांडेय, रमावती, सुनीता, शंभू चौहान, अभिषेक सोनकर, बरफी देवी और बिंदु देवी शामिल हैं।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज प्रकाश राठौर और मुख्य राजस्व अधिकारी चंद्रेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अतिथियों और लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

