home page

देवरिया : नवजात की मौत के मामले में पांच सदस्यीय जांच समिति गठित

 | 
देवरिया : नवजात की मौत के मामले में पांच सदस्यीय जांच समिति गठित


देवरिया, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू में नवजात की मौत के मामले में प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल ने गुरुवार को पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति की अध्यक्षता सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा करेंगे। परिजनों ने बुधवार को प्राचार्य से शिकायत कर एसएनसीयू में समय पर उपचार नहीं मिलने का आरोप लगाया था।

श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के खेमीपुर गांव निवासी चांदनी यादव ने मेडिकल कॉलेज में बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के बाद नवजात को एसएनसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एसएनसीयू में उस समय डॉक्टर मौजूद नहीं थीं और इलाज मिलने में देरी हुई। नवजात की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा करते हुए पुलिस को सूचना दी थी।

मामले की जांच के लिए गठित समिति में सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा के अलावा डॉ. सोनू कुमार, डॉ. इकबाल अहमद, डॉ. माया सिंह और डॉ. एसएस द्विवेदी शामिल हैं। समिति एसएनसीयू में नवजात के उपचार से संबंधित अभिलेखों और परिस्थितियों की जांच करेगी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद ही नवजात की मौत के कारणों और उपचार में किसी स्तर पर लापरवाही की स्थिति स्पष्ट होगी। प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल ने जांच के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा परिजनों को दिया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक