home page

देवरिया : 23 सितंबर को मनेगा 11वां आयुर्वेद दिवस, होंगे विभिन्न आयोजन

 | 
देवरिया : 23 सितंबर को मनेगा 11वां आयुर्वेद दिवस, होंगे विभिन्न आयोजन


देवरिया, 22 सितंबर (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में 23 सितंबर को 11वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ रखी गई है। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जयराम यादव ने बताया कि आयुर्वेद दिवस का मुख्य कार्यक्रम जनपद मुख्यालय पर आयोजित होगा। इसके अलावा जिले में संचालित सभी आयुर्वेदिक चिकित्सालयों पर ग्रामीणों के बीच चौपाल और निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ आवश्यक औषधियों का वितरण किया जाएगा। इस दौरान लोगों का प्रकृति परीक्षण भी किया जाएगा। आयुर्वेद और औषधीय पौधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पौधों का वितरण किया जाएगा। चौपाल के माध्यम से लोगों को आयुर्वेद के सिद्धांतों, स्वस्थ जीवनशैली और दैनिक जीवन में आयुर्वेद को अपनाने से संबंधित उपयोगी जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए जनपद मुख्यालय पर जागरूकता रैली भी निकाली जाएगी। विभिन्न आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को आयुर्वेद से जोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक