देवरिया : बाइक की टक्कर से घायल 10 वर्षीय बालक की मौत
देवरिया, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के बरियारपुर थाना क्षेत्र के किन्नर टोला में सड़क हादसे में घायल 10 वर्षीय बालक की इलाज के दौरान शुक्रवार की शाम को मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
थानेदार दीपक सिंह ने बताया कि पीयूष (10 वर्ष), पुत्र धर्मेन्द्र शर्मा, निवासी किन्नर टोला, बरियारपुर, बाइक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए 108 की मदद से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टर डॉ रोहित सिंह और मेडिकल स्टाफ की लगातार कोशिशों के बावजूद बालक को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

