नारी वंदन अधिनियम पारित न होने पर महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय : शिवराम सिंह
कानपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। नारी वंदन अधिनियम को संसद में पारित न होने देना महिलाओं के अधिकारों के साथ सीधा अन्याय है। महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के मुद्दे पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह विषय दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर देखने का है। महिलाओं को उनका हक दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि समाज जागरूक हो चुका है। यह बातें गुरुवार को भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कही
भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण के श्याम नगर मंडल में आज नारी वंदन अधिनियम को संसद में पारित न किए जाने के विरोध में एक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा का नेतृत्व जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने किया।
पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध दर्ज कराया और पूरे मार्ग में नारेबाजी करती हुई आगे बढ़ीं, जिससे क्षेत्र का वातावरण आंदोलित रहा।यह पदयात्रा श्याम नगर मंडल से प्रारंभ होकर छप्पन भोग चौराहे तक पहुंची। समापन पर छप्पन भोग चौराहे पर अखिलेश यादव एवं राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान पूनम द्विवेदी, अनीता त्रिपाठी, अमिता सेठ, सुषमा चौहान, ममता राजपूत, नेहा शुक्ला, कुमार रंजन गुप्ता, मंजू पाल, मीनू गुप्ता, प्रेमलता तिवारी, आशा पांडे, आशा तोमर, शीलू तिवारी सहित पार्टी के पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता एवं स्थानीय महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

