home page

15 दिन में मांगों का निस्तारण नहीं हुआ तो चक्का जाम करेंगे : गजराज सिंह

 | 
15 दिन में मांगों का निस्तारण नहीं हुआ तो चक्का जाम करेंगे : गजराज सिंह


कानपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। परिवहन निगम कर्मचारियों की 10 सूत्रीय मांगों के समाधान के लिए मंगलवार को क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया गया। संघ ने चेतावनी दी कि 15 दिन में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो निगम मुख्यालय में धरना और चक्का जाम किया जाएगा। यह बातें मंगलवार को श्रमिक समाज कल्याण संघ के क्षेत्रीय अध्यक्ष गजराज सिंह ने कही।

श्रमिक समाज कल्याण संघ के आह्वान पर फजलगंज स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में सुबह 11 बजे से प्रदर्शन शुरू हुआ। इसमें फतेहपुर, उन्नाव, किदवईनगर, फजलगंज, आजादनगर, विकासनगर, माती डिपो और क्षेत्रीय कार्यशाला से शाखा अध्यक्ष, मंत्री, पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक को प्रबंध निदेशक के नाम 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।

संघ की मांगों में आउटसोर्स परिचालकों को विभागीय संविदा से जोड़ना और भविष्य में चालक-परिचालकों की भर्ती निगम स्तर से करना, सातवें वेतनमान के एरियर और लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान करना शामिल है। इसके अलावा संविदा कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद ग्रेच्युटी, सेवा नियमावली और उत्कृष्ट सेवा करने वाले संविदा चालक-परिचालकों को नियमित करने, 547 रिक्त पदों पर भर्ती तथा सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों के खाली पद भरने की मांग की गई।

संघ ने निगम कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने, 19 डिपो में आउटसोर्स तकनीकी मरम्मत व्यवस्था की समीक्षा करने, डग्गामार वाहनों पर रोक लगाने और ठेका परमिट वाहनों को शहर की सीमा से बाहर रोकने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही संघ पदाधिकारियों और कर्मचारियों के कथित उत्पीड़न पर रोक तथा मृतक आश्रित कोटे में लंबित नियुक्तियां तत्काल देने की मांग की गई।

क्षेत्रीय अध्यक्ष गजराज सिंह ने कहा कि 15 दिन में मांगों का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि निगम मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम का निर्णय लिया जा सकता है। इसकी जिम्मेदारी निगम प्रबंधन और प्रशासन की होगी।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एमएल कुरील, प्रदेश उपाध्यक्ष रामराज विश्वकर्मा, प्रांतीय पदाधिकारी संदीप दुबे, तारबाबू आरके दोहरे, क्षेत्रीय मंत्री उमेश सिंह, उपमंत्री कंचन सिंह, मनोज सिंह, उदयभान सिंह, सुवेंद्र पाठक, सुरेश चंद्र, सुरेश कमल समेत विभिन्न शाखाओं के अध्यक्ष, मंत्री और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप