बाबू जगदेव प्रसाद पर बनी फिल्म के प्रदर्शन की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
- सामाजिक न्याय के जननायक के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की उठी मांग
देवरिया, 03 जून (हि.स.)। बाबू जगदेव प्रसाद के जीवन पर आधारित फिल्म के व्यापक प्रदर्शन की मांग को लेकर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को बुधवार को सौंपा। ज्ञापन में उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों और जनपदों के सिनेमाघरों में फिल्म के प्रदर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
राष्ट्रीय समानता दल के प्रदेश अध्यक्ष संजय दीप कुशवाहा, समाजवादी पार्टी (सपा) अनुसूचित प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष हरेराम आर्य तथा कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव विजय कुशवाहा प्रमुख रूप से शामिल रहे।
प्रतिनिधियों ने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले देश के प्रमुख जननायकों में से एक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन पिछड़े, दलित, शोषित और गरीब वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके विचार और संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि बाबू जगदेव प्रसाद के जीवन पर आधारित यह फिल्म नई पीढ़ी को उनके व्यक्तित्व, संघर्ष और सामाजिक बदलाव में उनके योगदान से परिचित कराने का सशक्त माध्यम बन सकती है। इससे युवाओं में सामाजिक चेतना बढ़ेगी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का विस्तार होगा।
प्रतिनिधियों ने मांग की कि संबंधित विभागों एवं फिल्म वितरण एजेंसियों के माध्यम से प्रदेश भर में फिल्म के प्रदर्शन की व्यवस्था की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग बाबू जगदेव प्रसाद के जीवन-दर्शन और सामाजिक योगदान से परिचित हो सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों पर आधारित फिल्मों का व्यापक प्रदर्शन समाज में जागरूकता बढ़ाने और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

