home page

जाैनपुर में किसान संगठन ने एनएच-233 के 16 किमी हिस्से में भारी वाहनों की नो-एंट्री की मांग की

 | 
जाैनपुर में किसान संगठन ने एनएच-233 के 16 किमी हिस्से में भारी वाहनों की नो-एंट्री की मांग की


जौनपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-233 क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए पूर्वांचल किसान संगठन ने घनी आबादी वाले करीब 16 किलोमीटर हिस्से में भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू करने की मांग की है।

इस मामले में सोमवार को संगठन के अध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में 24 से अधिक किसानों ने एसपी को संबोधित ज्ञापन सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता को सौंपा। अध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि एनएच-233 के जौनपुर क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। संगठन का दावा है कि इन हादसों में अब तक करीब 500 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वाराणसी और आजमगढ़ की ओर से आने वाले ट्रकों, डंपरों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही के कारण घनी आबादी वाले इस हिस्से में दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

उन्होंने कहा कि जनपद में राष्ट्रीय राजमार्ग का करीब 16 किलोमीटर हिस्सा अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले भारी वाहनों के लिए तत्काल नो-एंट्री व्यवस्था लागू किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांग का उद्देश्य परिवहन व्यवसाय को बाधित करना नहीं, बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

संगठन ने कहा कि सड़क हादसों से केवल जान-माल का नुकसान नहीं होता, बल्कि परिवारों की आर्थिक स्थिति और देश की उत्पादकता पर भी असर पड़ता है। किसानों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित इस हिस्से में भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की।अजीत सिंह ने कहा, जान बचेगी तो परिवार बचेगा, श्रमशक्ति बचेगी और श्रमशक्ति बचेगी तो अर्थव्यवस्था मजबूत रहेगी।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव