home page

बधिर दिव्यांगों के लिए बेरा मशीन लगाने की मांग, सीएमओ को सौंपा मांग पत्र

 | 
बधिर दिव्यांगों के लिए बेरा मशीन लगाने की मांग, सीएमओ को सौंपा मांग पत्र


कानपुर, 09 मार्च (हि.स.)। सरकार ने बधिर दिव्यांगों की सुविधा के लिए बेरा जांच मशीन लगाने के लिए बजट स्वीकृत कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद कानपुर में अब तक मशीन नहीं लगाई गई है। इसकी वजह से दिव्यांगों को जांच के लिए लखनऊ के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। यह बातें सोमवार को राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कहीं।

राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के पदाधिकारियों ने सोमवार को बधिर दिव्यांगों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवश्यक बेरा जांच मशीन कानपुर में स्थापित कराने की मांग को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कानपुर नगर को मांग पत्र सौंपा।

पार्टी के पदाधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के कई जिलों में बधिर दिव्यांगों की जांच के लिए बेरा मशीन लगाने के लिए बजट स्वीकृत किया गया है, ताकि उन्हें अपने ही जनपद में जांच की सुविधा मिल सके। इसके बावजूद कानपुर नगर में अब तक बेरा मशीन स्थापित नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि मशीन न होने के कारण बधिर दिव्यांगों को अपनी जांच कराने के लिए लखनऊ जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार दिव्यांगों के लिए इतनी दूर जाना भी संभव नहीं हो पाता, जिससे उनके प्रमाण पत्र बनने में भी देरी होती है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक माह के भीतर कानपुर में बेरा मशीन नहीं लगाई गई तो राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी।

मांग पत्र देने वालों में वैभव दीक्षित, गुड्डी दीक्षित, सरला, राहुल विश्वकर्मा, दिलीप कुमार, महेश चन्द्र साहू, अनिल कुमार, आशीष कुमार, राम शंकर माली और अमित कुमार सहित अन्य लोग शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप