home page

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : योगेंद्र उपाध्याय

 | 
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : योगेंद्र उपाध्याय


कानपुर, 04 जून (हि.स.)। सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ें और लाभ वितरण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। यह बातें गुरुवार को जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री उत्तर पदेश सरकार योगेंद्र उपाध्याय ने बिधनू विकास खंड की ग्राम पंचायत नगवां में आयोजित ग्राम चौपाल में कहीं।

ग्राम चौपाल के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

इसके बाद मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया और योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कंपोजिट विद्यालय नगवां में स्थापित स्पेस लैब का भी दौरा किया तथा विद्यार्थियों में विकसित हो रही वैज्ञानिक सोच और नवाचार की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा और विज्ञान आधारित गतिविधियां बच्चों को भविष्य के लिए तैयार करने में सहायक होंगी।

महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम में गीता देवी पत्नी सुजीत और शिवानी पत्नी सुधीर की गोदभराई कराई गई। वहीं नैन्सी विश्वकर्मा और राधिका का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इस दौरान बालिका सुहानी का जन्मदिन भी मनाया गया।

मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को घरौनी, आयुष्मान कार्ड, अंत्योदय राशन कार्ड, मिनी किट सहित अन्य प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान योगेंद्र उपाध्याय ने ग्राम पंचायत नगवां में 17.46 लाख रुपये की लागत से निर्मित बहुद्देश्यीय पंचायत भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने पंचायत भवन परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अशोक का पौधा भी रोपा। नव निर्मित भवन में सात कक्ष, एक सभागार तथा महिला और पुरुषों के लिए दो-दो शौचालय बनाए गए हैं। यहां ग्रामीणों को आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड आवेदन, खतौनी नकल तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस अवसर पर मंत्री ने ग्राम प्रधान आशीष वाजपेयी को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान, सीडीओ अभिनव जे. जैन, डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी, सीएमओ हरिदत्त नेमी, एसडीएम नर्वल विवेक कुमार मिश्रा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप