home page

देव दिवाली पर शीतला धाम चौकिया पहुंचेंगे दिल्ली के भाजपा सांसद मनोज तिवारी

 | 
देव दिवाली पर शीतला धाम चौकिया पहुंचेंगे दिल्ली के भाजपा सांसद मनोज तिवारी


जौनपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित शीतला धाम चौकिया सिद्धपीठ में देव दिवाली के पावन अवसर पर 24 नवंबर को भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें दिल्ली के भाजपा सांसद एवं प्रसिद्ध लोकगीत गायक मनोज तिवारी शामिल होंगे। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

कार्यक्रम में धर्मार्थ समाजसेवी, वरिष्ठ युवा भाजपा नेता एवं उद्योगपति आशीष सिंह तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सोशल मीडिया प्रभारी रोहित उपाध्याय सहित दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

सांसद मनोज तिवारी ने जनमानस से अपील की है कि अधिकतम संख्या में चौकिया धाम पहुंचकर देव दिवाली के धार्मिक आयोजन में सहभागिता करें। उन्होंने कहा कि सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। देव दिवाली के दीपों से निकलने वाले प्रकाश और इस पावन परंपरा की स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना चाहिए, ताकि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत निरंतर बनी रहे।

इस संबंध में सोमवार को जानकारी देते हुए समाजसेवी आशीष सिंह ने बताया कि सांसद मनोज तिवारी, भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी रोहित उपाध्याय और अन्य अतिथियों के साथ वह स्वयं भी चौकिया धाम में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। शीतला धाम चौकिया के महंत विनय तिवारी के आमंत्रण पर सभी अतिथि माता शीतला का आशीर्वाद प्राप्त करने और देव दिवाली के आयोजन में शामिल होने के लिए जौनपुर पहुंचेंगे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं एवं आमजन से अधिकतम संख्या में पहुंचकर दीपोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव