home page

डीएलएड : प्रशिक्षण को 9527 पंजीकरण, 6856 ने जमा किया शुल्क

 | 
डीएलएड : प्रशिक्षण को 9527 पंजीकरण, 6856 ने जमा किया शुल्क


--ऑनलाइन आवेदन आठ जुलाई तक, नौ तक जमा होगा शुल्क, 11 से मिलेगा आनलाइन प्रिंट

--आवेदन सबमिट करने के बाद संशोधन का मौका नहीं: सचिव राजेन्द्र प्रताप

प्रयागराज, 22 जून (हि.स)। डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन(डीएलएड) प्रशिक्षण 2026 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के रूझान की गति बहुत धीमी है। ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होने के आठवें दिन सोमवार की शाम तक 9527 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण और 6856 अभ्यर्थियों ने शुल्क जमा किया है। जबकि ऑनलाइन पंजीकरण की अन्तिम तिथि आठ जुलाई रात 12 बजे तक है।

डीएलएड में प्रवेश के लिए प्रदेश के सभी डायट और निजी क्षेत्र के डीएलएड कालेजों में कुल 2,39,509 सीटें है इसमें प्रदेश के 67 डायट में 10600 और निजी क्षेत्र के 3103 डीएलएड कालेजों में कुल 2,28,900 सीटें है। डीएलएड में ऑफलाइन माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी उप्र प्रयागराज के सचिव राजेन्द्र प्रताप ने साेमवार काे बताया कि राज्य सरकार से संबद्ध तथा मान्यता प्राप्त निजी एवं अल्पसंख्यक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए प्रक्रिया संचालित की जाएगी। पात्रता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क, चयन मानक और अन्य शर्तों से संबंधित विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने अभ्यर्थियों को सचेत किया है कि आवेदन पत्र भरते समय अंकपत्रों और प्रमाणपत्रों में दर्ज विवरणों का भली-भांति मिलान अवश्य कर लें, क्योंकि आवेदन सबमिट किए जाने के बाद संशोधन का अवसर नहीं दिया जाएगा।

सचिव ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों के अतिरिक्त अन्य राज्यों के सभी अभ्यर्थी अनारक्षित श्रेणी के अंतर्गत माने जाएंगे और उन्हें किसी प्रकार का आरक्षण लाभ नहीं मिलेगा। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि के एक दिन बाद यानी नौ जुलाई तक ऑनलाइन शुल्क जमा किए जा सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने के लिए पेमेंट लिंक एवं आवेदन पत्र वेबसाइट updeled.gov.in पर उपलब्ध है। आनलाइन आवेदन पूर्ण कर प्रिंटआउट लेने की अंतिम तिथि 11 जुलाई निश्चित की गई है। उल्लेखनीय है कि डीएलएड की 2,39509 सीटो पर प्रवेश होना है पिछले वर्ष एक लाख से अधिक सीटों पर प्रवेश नहीं हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र