home page

सुमली नदी में डूबने से दो नाबालिग बच्चों की मौत

 | 
सुमली नदी में डूबने से दो नाबालिग बच्चों की मौत


बाराबंकी 26 जून (हि.स.)। जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को भैंस चराने के दौरान भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए सुमली नदी में नहाने उतरे दो नाबालिग बच्चों की डूबकर मौत हो गई। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने दोनों शवों को निकाला।

रामनगर थाना क्षेत्र के पुरैना निवासी अर्पित (11) पुत्र सियाराम और रतनपुर निवासी अतुल (13) पुत्र दयाराम सुबह घर से भैंस चराने निकले थे। दोपहर की तेज गर्मी के बीच भैंसें करसा कला गांव के पास सुमली नदी में उतर गई, तो दोनों बच्चे भी नदी में नहाने चले गए। पानी में खेलते-खेलते बच्चे गहरे हिस्से में पहुंच गए और डूबने लगे। यह देखकर अन्य बच्चों ने शोर मचाया। बच्चों के डूबने की

सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते नदी किनारे बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और बच्चों की तलाश शुरू कर दी गई।

घटना की सूचना पर सबसे पहले पीआरबी-112 की टीम पहुंची। इसके बाद रामनगर थाना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी, तहसीलदार विपुल सिंह, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह और चौकी प्रभारी रजनीश कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू

तहसीलदार विपुल सिंह ने बताया कि दोनों बच्चों की मौत नदी में डूबने से हो गई है। नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी