सड़क हादसे में वायुसेना के जवान की मौत, गांव में पसरा मातम
बागपत, 23 जुलाई (हि.स.)। बागपत जनपद के छपरौली क्षेत्र के लूम्ब गांव निवासी भारतीय वायुसेना के जवान मोनू चौहान (28) की राजस्थान के बीकानेर में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा नाल थाना क्षेत्र में जैसलमेर राजमार्ग स्थित डेलू माता मंदिर के पास हुआ। प्रारंभिक जांच में बाइक के किसी पशु से टकराने के बाद हादसा होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, मोनू चौहान मंगलवार रात बाइक से बीकानेर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक सामने आए पशु से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोनू चौहान वर्ष 2018 में भारतीय वायुसेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे पत्नी और एक साल की बेटी छोड़ गए हैं। गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से जवान को श्रद्धांजलि दी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

