बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, घर से मवेशी चराने निकले थे संतराम
बहराइच, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कोतवाली देहात क्षेत्र में शनिवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक की टक्कर से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली देहात क्षेत्र के भटिया गांव निवासी संतराम शनिवार दोपहर मवेशी चराने के लिए घर से निकले थे। घर से कुछ दूरी पर पहुंचते ही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोपहर करीब दो बजे संतराम को मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे की सूचना मिलने पर देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष दद्दन सिंह ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के सम्बन्ध में जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

