मुरादाबाद : होमगार्ड भर्ती के लिए दौड़ लगा रहा बरेली का अभ्यर्थी बेहोश होकर गिरा, मौत
मुरादाबाद, 18 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित नवीं वाहिनी पीएसी मैदान में चल रही होमगार्ड भर्ती की दौड़ के दौरान शुक्रवार को बरेली निवासी 28 वर्षीय एक अभ्यर्थी बेहोश होकर गिर पड़ा। वहां उपस्थित पुलिसकर्मी बेहाेश युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना सिविल लाइन इंस्पेक्टर हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि जनपद बरेली के मणिनाथ कॉलोनी राजपुर कला निवासी शिवम यादव पुत्र विनोद यादव ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन किया था। शुक्रवार सुबह वह नवीं वाहिनी पीएसी मैदान में चल रही होमगार्ड भर्ती की दौड़ में प्रतिभाग करने के लिए आया था। सुबह लगभग 08 बजे वह दौड़ रहा था, इसी दौरान शिवम अचानक बेहोश होकर गिर गया। भर्ती प्रक्रिया में मौजूद पुलिस कर्मियों ने शिवम को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृत अभ्यर्थी शिवम ने बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी और घर पर ही बच्चों को कोचिंग पढ़ाने के साथ ही प्रतियाेगी परीक्षाओं की तैयारी
कर रहा था। उसके परिवार में पत्नी कोमल और तीन साल की बेटी है। इंस्पेक्टर सिविल लाइन ने बताया कि मृतक शिवम के परिजनों को सूचना देते हुए अग्रिम
कार्रवाई की जा रही है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

