परिजनों का दावा! महमूदाबाद के युवक की सऊदी अरब में मिसाइल हमले से मौत
सीतापुर, 20 मार्च (हि.स.)। महमूदाबाद क्षेत्र के बघाइन गांव निवासी 26 वर्षीय रवि गोपाल की सऊदी अरब के रियाद में परिजनों के अनुसार मिसाइल हमले में मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब वह अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था। अचानक तेज धमाके की आवाज के साथ फोन कट गया और फिर बंद हो गया। अगले दिन 19 मार्च को रवि के दोस्त ने परिजनों को उसकी मौत की सूचना दी, जिससे घर में कोहराम मच गया है।
रवि गोपाल बीते 18 सितंबर 2025 को रोज़गार के लिए सऊदी अरब गए थे और रियाद एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करते थे। वह परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी रितु, चार वर्षीय बेटा, बुजुर्ग माता-पिता आश्रित हैं।
घटना के बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस सहायता नहीं मिल सकी है। परिजन सरकार से गुहार लगा रहे हैं कि रवि का शव जल्द भारत लाया जाए, ताकि अंतिम संस्कार हो सके।
परिजनों के अनुसार
“आखिरी आवाज और अधूरी बात”—रवि की मौत ने तोड़ दिया पूरा परिवार
“हेलो... आवाज आ रही है ना?” — यह रवि गोपाल के जीवन के आखिरी शब्द थे, जो उनकी पत्नी रितु के कानों में अब भी गूंज रहे हैं। रितु ने मीडिया से बताया कि उस रात सब कुछ सामान्य था। रवि रोज की तरह काम खत्म कर बात कर रहे थे, बेटे के बारे में पूछ रहे थे, घर लौटने के सपने बुन रहे थे। तभी अचानक एक तेज धमाका हुआ और फोन कट गया।
उस एक पल ने सब कुछ बदल दिया। रितु बार-बार फोन मिलाती रहीं, लेकिन हर बार ‘स्विच ऑफ’ सुनाई देता रहा। अगले दिन आई खबर ने उम्मीद की आखिरी डोर भी तोड़ दी।
गांव के कच्चे घर में अब सन्नाटा पसरा है। बूढ़े पिता की आंखें दरवाजे पर टिक गई हैं, जैसे अब भी बेटे के लौटने का इंतजार हो। मां बेसुध है, और चार साल का मासूम बेटा बार-बार पूछता है—“पापा कब आएंगे?”
रवि सिर्फ एक बेटा या पति नहीं था, बल्कि पूरे परिवार की उम्मीद था। गरीबी से लड़ते हुए उसने परदेस का रास्ता चुना था, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह बाहर कमाने के लिए गया था जिससे अपनों को बेहतर जिंदगी दे सके। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
अब परिवार की एक ही मांग है रवि का पार्थिव शरीर घर आ जाए, ताकि उसे आखिरी विदाई दी जा सके।
इस पूरे घटनाक्रम पर महमूदाबाद के उप जिलाधिकारी बालकृष्ण सिंह ने बताया कि परिजनों ने स्वयं मिसाइल हमले से मौत की जानकारी दी है। इसकी अधिकृत पुष्टि दूतावास से ही संभव हो सकेगी, उसके लिए विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि आज शुक्रवार को परिजनों के द्वारा डायल 112 पर सूचना दी गई थी, सूचना पर पुलिस उनके घर पर पहुंची थी जिसमें परिजनों ने जानकारी दी कि मिसाइल हमले से रवि की मौत हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

