home page

फर्रुखाबाद के नगर मजिस्ट्रेट का आकस्मिक निधन

 | 
फर्रुखाबाद के नगर मजिस्ट्रेट का आकस्मिक निधन


फर्रुखाबाद,3अप्रैल (हि.स.)। उत्तरप्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कार्यरत सिटी मजिस्ट्रेट संजय बंसल का शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे आकस्मिक देहांत हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे प्रशासनिक तंत्र में शोक का वातावरण व्याप्त हो गया और अधिकारी-कर्मचारियों में गहरा दुख देखा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय बंसल लंबे समय से उच्च रक्तचाप की समस्या से ग्रसित थे। गुरुवार दोपहर के बाद वे अवकाश लेकर फर्रुखाबाद से बाहर गए थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें नोएडा स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान शुक्रवार शाम करीब 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके निधन की खबर मिलते ही जिला प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई। अपने कार्यकाल के दौरान वे जन समस्याओं के निराकरण के प्रति अत्यंत संवेदनशील रहे और आम लोगों के बीच उनकी सुलभ एवं सकारात्मक छवि थी। संजय बंसल के असमय निधन से प्रशासनिक कार्यों पर भी प्रभाव पड़ने की संभावना जताई जा रही है। जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। आगामी 30 अप्रैल को उनके पुत्र का विवाह था | जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल का निधन हो गया है | उनके परिजनों से वार्ता हुई है | उनके लिए शोक संवेदना हैं|

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar