home page

लखीमपुर के लाल ने दिल्ली में गाड़ा झंडा: जन्म से मूक-बधिर प्रणव तिवारी ने स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जीते 2 गोल्ड और 1 ब्रॉन्ज

 | 
लखीमपुर के लाल ने दिल्ली में गाड़ा झंडा: जन्म से मूक-बधिर प्रणव तिवारी ने स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जीते 2 गोल्ड और 1 ब्रॉन्ज


लखीमपुर के लाल ने दिल्ली में गाड़ा झंडा: जन्म से मूक-बधिर प्रणव तिवारी ने स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जीते 2 गोल्ड और 1 ब्रॉन्ज


लखीमपुर खीरी, 01 जुलाई (हि.स.)। मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं, जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है। इस कहावत को अक्षरशः सच कर दिखाया है लखीमपुर खीरी के होनहार राइफल शूटर प्रणव तिवारी ने। नई दिल्ली के ऐतिहासिक डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 49वीं उत्तर प्रदेश राज्य निशानेबाजी प्रतियोगिता, 2026 में प्रणव ने अपनी अचूक निशानेबाजी से तहलका मचा दिया। जन्म से ही श्रवण बाधित होने के बावजूद प्रणव ने अपनी शारीरिक अक्षमता को आड़े नहीं आने दिया और डेफ वर्ग में दो स्वर्ण व सामान्य वर्ग में एक कांस्य पदक जीतकर लखीमपुर खीरी जिले सहित पूरे उत्तर प्रदेश का नाम देशभर में रोशन कर दिया।

तीर की तरह सटीक रहे प्रणव के निशाने: इन श्रेणियों में जीते पदक

कड़े मुकाबले और देश के बेहतरीन शूटर्स के बीच लखीमपुर के इस जांबाज खिलाड़ी ने एकाग्रता और अद्भुत खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कुल तीन पदक अपने नाम किए हैं।

इनमे 10 मीटर एयर राइफल (ISSF) पुरुष डेफ वर्ग: स्वर्ण पदक (Gold Medal) व 50 मीटर राइफल प्रोन (NR) पुरुष डेफ वर्ग: स्वर्ण पदक (Gold Medal) सहित 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन (NR) सामान्य पुरुष वर्ग: कांस्य पदक (Bronze Medal) शामिल हैं। (विशेष बात यह है कि सामान्य वर्ग में भी प्रणव ने अन्य सामान्य खिलाड़ियों को पछाड़कर यह मेडल जीता है।)

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने की हौसलाअफजाई

इस गरिमामयी खेल महाकुंभ के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रणव तिवारी की इस असाधारण उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यूपीएसआरए के महासचिव जीएस सिंह का रहा विशेष मार्गदर्शन

प्रणव की इस स्वर्णिम सफलता के बाद उत्तर प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन (UPSRA) के मानद महासचिव श्री जी. एस. सिंह के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश में निशानेबाजी के खेल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और प्रणव जैसी छिपी हुई प्रतिभाओं को तराशने में उनका योगदान अतुलनीय रहा है। खेल प्रेमियों का कहना है कि जीएस सिंह के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और निरंतर प्रोत्साहन व आशीर्वाद के बिना इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना मुमकिन नहीं था।

लखीमपुर खीरी में जश्न का माहौल, युवाओं के प्रेरणास्रोत बने प्रणव

प्रणव तिवारी की इस ऐतिहासिक हैट्रिक (2 गोल्ड, 1 ब्रॉन्ज) की खबर जैसे ही लखीमपुर खीरी पहुंची, जिले के खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों का कहना है कि प्रणव ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि मन में अटूट समर्पण, कड़ा अनुशासन और निरंतर अभ्यास करने का जज्बा हो, तो दुनिया की कोई भी कमजोरी आपकी सफलता का रास्ता नहीं रोक सकती। लखीमपुर नगर के खेल प्रेमियों और संभ्रांत नागरिकों ने प्रणव तिवारी को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि वे जल्द ही राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का तिरंगा लहराएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव