आईआईटी कानपुर में ऑनलाइन स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के लिए बढ़ी आवेदन की तिथि
कानपुर, 25 जून (हि.स.)। देशभर के शिक्षार्थियों से ऑनलाइन स्नातकोत्तर कार्यक्रमों को लेकर उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आवेदन की अंतिम तिथियां बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। यह बातें गुरुवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल ने कहीं।
आईआईटी कानपुर ने सितंबर 2026 शैक्षणिक सत्र के लिए अपने ऑनलाइन स्नातकोत्तर कार्यक्रमों की आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तिथियां बढ़ा दी हैं। संस्थान के अनुसार ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अब एक जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
वहीं, प्रवेश परीक्षा से छूट प्राप्त अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। संस्थान का कहना है कि देशभर से कार्यक्रमों को लेकर मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
आईआईटी कानपुर की ओर से फ्रेश ग्रेजुएट्स और कार्यरत पेशेवरों के लिए विभिन्न ऑनलाइन स्नातकोत्तर कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य उभरते और उच्च मांग वाले क्षेत्रों में उन्नत तकनीकी एवं व्यावसायिक ज्ञान उपलब्ध कराना है।
सितंबर 2026 बैच के लिए आरएफ इंजीनियरिंग, स्मार्ट ग्रिड टेक्नोलॉजी, माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स एवं वीएलएसआई, सस्टेनेबल एनर्जी टेक्नोलॉजीज, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, वायरलेस नेटवर्क्स एवं मशीन लर्निंग, कंस्ट्रक्शन इंजीनियरिंग एवं प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, अर्थशास्त्र एवं डेटा एनालिटिक्स तथा साइबर सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों में ऑनलाइन कार्यक्रम उपलब्ध हैं।
संस्थान के अनुसार इन पाठ्यक्रमों का संचालन आईआईटी कानपुर के अनुभवी संकाय सदस्यों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रमों को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि विद्यार्थी और कार्यरत पेशेवर अपनी सुविधानुसार उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रमों की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जानकारियां आईआईटी कानपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

