home page

रेलवे स्टेशन के किनारे मिला अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव

 | 

बाराबंकी 02 जुलाई (हि.स.)। जिले के सुंधियामऊ रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी बुढ़वल ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस युवक की पहचान कराने और घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, सुंधियामऊ रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक के किलोमीटर संख्या 11/11 से 11/13 के बीच ट्रैक किनारे करीब 28 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। शव क्षत-विक्षत अवस्था में होने के कारण उसकी तत्काल पहचान नहीं हो सकी।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी बुढ़वल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जीआरपी प्रभारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थाना क्षेत्रों समेत अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर युवक की मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। पहचान होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी