home page

आरेडिका के आवासीय परिसर में फांसी से लटके मिले महिला और युवक के शव, पुलिस जांच में जुटी

 | 
आरेडिका के आवासीय परिसर में फांसी से लटके मिले महिला और युवक के शव, पुलिस जांच में जुटी


रायबरेली, 01 मई(हि.स.)। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) के आवासीय परिसर में शुक्रवार को महिला और युवक के शव फांसी के फंदे से लटके मिले हैं। कुछ ही घंटों के अंतराल में हुई इन घटनाओं से कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

लालगंज कोतवाली क्षेत्र आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) के टाइप-2 आवास संख्या 2236 ए में रहने वाले रेल कर्मचारी पारस की पत्नी मीरा देवी (37) ने बालकनी में गमछे के सहारे फांसी लगा ली। परिवार मूल रूप से बिहार के कैमूर जिले का रहने वाला है। पति के अनुसार मीरा लंबे समय से बीमार थी और बीमारी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठा लिया।

वहीं कुछ ही समय के बाद वर्कर्स क्लब के पीछे एक पेड़ से रेल कोच फैक्ट्री के शैल शॉप में तैनात सेक्शन इंजीनियर सुदामा मीणा (40) का शव लटका मिला। वह मूल रूप से राजस्थान के निवासी थे।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

लालगंज के पुलिस उपाधीक्षक अमित सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे