युवा महोत्सव में डीडीयू का जलवा, 3 पदक अपने नाम किए
गोरखपुर, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय ने 39वां अंतर विश्वविद्यालय राष्ट्रीय युवा महोत्सव में शानदार प्रदर्शन किया है। महोत्सव में 2 तृतीय और 1 चतुर्थ स्थान सहित कुल 3 पदक हासिल किए है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने रविवार को बताया कि भारतीय विश्वविद्यालय संघ की ओर से 10 से 14 मार्च तक सत्यभामा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, चेन्नई में आयोजित इस महोत्सव में देशभर के 156 विश्वविद्यालयों के 4000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
डीडीयू टीम ने रंगोली और सांस्कृतिक यात्रा में तृतीय स्थान तथा माइम (मूक अभिनय) में चतुर्थ स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने टीम को सम्मानित करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को उचित मंच मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे गर्व का क्षण बताते हुए भविष्य में सांस्कृतिक गतिविधियों को और सशक्त बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

