home page

कौशल आधारित प्रशिक्षण से नारी उत्थान सम्भव : कुलपति प्रो.पूनम

 | 
कौशल आधारित प्रशिक्षण से नारी उत्थान सम्भव : कुलपति प्रो.पूनम


कौशल आधारित प्रशिक्षण से नारी उत्थान सम्भव : कुलपति प्रो.पूनम


गोरखपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ, राष्ट्रीय कला मंच एवं नैन सैन ब्यूटी एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को संस्थान के सभागार में ‘समग्र जीवन कौशल एवं व्यक्तित्व विकास’ विषय पर एक दिवसीय “नारी निपुणताः ब्यूटीशियन प्रशिक्षण” कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन रहीं। अपने उद्बोधन में कुलपति ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल आधारित शिक्षा अत्यंत आवश्यक है, विशेषकर महिलाओं के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आत्मनिर्भरता के सशक्त माध्यम बन रहे हैं। कौशल आधारित प्रशिक्षण से नारी उत्थान सम्भव है। उन्होंने छात्राओं को अपने कौशल को निखारने एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर नैन सैन ब्यूटी एकेडमी की चेयरपर्सन श्यामली जायसवाल ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि एकेडमी का उद्देश्य महिलाओं एवं युवतियों को व्यावसायिक एवं व्यवहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उनके प्रयासों से अनेक छात्राएं स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित हो रही हैं और समाज में आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान स्थापित कर रही हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ की निदेशक प्रो. सुषमा पाण्डेय ने कहा कि व्यावहारिक कौशल व्यक्ति के समग्र विकास का आधार है तथा इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में गोरखपुर विश्वविद्यालय में शिक्षा संकाय की अधिष्ठाता प्रो. सुनीता दुबे तथा पूर्व महापौर डॉ. सत्या पाण्डेय उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने महिलाओं के सशक्तिकरण में कौशल विकास की भूमिका को रेखांकित करते हुए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।

इस कार्यशाला में गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न विभागों के साथ-साथ दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज, सेंट जोसफ वूमेन कॉलेज एवं सीआरडी पीजी कॉलेज सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने ब्यूटीशियन से संबंधित आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय