home page

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम वर्ष : केशव प्रसाद मौर्य

 | 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम वर्ष : केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण हुए 12 वर्ष भारत के नवोदय, आत्मविश्वास और जनआकांक्षाओं की सिद्धि के स्वर्णिम वर्ष हैं।

उन्होंने कहा कि 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री मोदी ने जब देश की बागडोर संभाली थी, उस समय देश नीतिगत अस्थिरता, और निराशा के दौर से गुजर रहा था, लेकिन बीते 12 वर्षों में भारत ने सुशासन, जनभागीदारी और मजबूत नेतृत्व के बल पर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘अंतिम पंक्ति’ में खड़े व्यक्ति तक विकास की किरणें पहुंचाने के संकल्प को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा तथा वंचित वर्ग के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य हुआ है। प्रधानमंत्री जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, डिजिटल इंडिया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों नागरिकों के जीवन में सुविधा, सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास का नया अध्याय जोड़ा है।

उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों में भारत ने विकास की गति को नई दिशा देने के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक चेतना, विरासत और आत्मगौरव को भी वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। आधुनिक आधारभूत संरचना, एक्सप्रेस-वे, वंदे भारत ट्रेनें, तकनीकी नवाचार, सीमाओं की सुदृढ़ सुरक्षा, नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार तथा विश्व पटल पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा आज एक आत्मनिर्भर, सक्षम और आत्मविश्वासी भारत की पहचान बन चुकी है।

मौर्य ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ भारत आज ‘विकसित भारत’ के संकल्प की ओर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखते हुए सेवा, समर्पण, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण की गौरवशाली यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा