हाईवे किनारे खड़े डंपर में घुसी डीसीएम, चालक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
कानपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। नौबस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत यशोदा नगर हाईवे पर सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से डीसीएम घुस जाने से गंभीर रूप से घायल चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा रविवार देर रात हुआ था, जबकि सोमवार सोमवार को हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान चालक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र स्थित चौमटा गांव निवासी करन बहादुर (40) के रूप में हुई है। वह पेशे से डीसीएम चालक था। परिवार में पत्नी प्रीति, तीन बेटे और एक बेटी हैं।परिजनों ने बताया कि करन बहादुर रविवार को लखनऊ में माल उतारने के बाद डीसीएम लेकर ग्वालियर लौट रहे थे। देर रात जब वह यशोदा नगर हाईवे के पास पहुंचे, तभी उनकी तेज रफ्तार डीसीएम सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना मिलते ही नौबस्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन आज इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि डीसीएम सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी थी। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

