नॉर्थ जोन पुरुष खो-खो टूर्नामेंट का चौथा दिन रहा बेहद प्रतिस्पर्धात्मक : डॉ. श्रवण कुमार यादव
कानपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में आयोजित नॉर्थ जोन पुरुष खो-खो अंतर विश्वविद्यालयीय टूर्नामेंट 2025–26 के चौथे दिन मुकाबले बेहद प्रतिस्पर्धात्मक और रोमांचक रहे। अखिल भारतीय स्तर पर स्थान सुनिश्चित करने की दौड़ में टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। चार महत्वपूर्ण क्वालीफायर मुकाबलों में प्रमुख विश्वविद्यालयों की टीमें आमने-सामने रहीं और जीत के लिए जोरदार संघर्ष देखने को मिला। प्रतियोगिता का स्तर लगातार ऊंचा हो रहा है और खिलाड़ी बेहतरीन खेल दिखा रहे हैं। यह बातें गुरुवार को विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने कही।
पहले मुकाबले में दिल्ली विश्वविद्यालय ने पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ को 41–17 से हराया। दूसरे मैच में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, पंजाब ने चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद को 34–18 से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा ने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर को 22–08 से हराया। चौथे मैच में सीएसजेएमयू कानपुर ने श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय को 47–14 से एकतरफा शिकस्त दी।
मैचों के दौरान खेल अधिकारियों व फैकल्टी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और सीएसजेएमयू का प्रदर्शन सबसे प्रभावशाली रहा। अब प्रतियोगिता निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुकी है, जहां शीर्ष स्थान के लिए मुकाबले और अधिक रोमांचक होने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

