home page

झांसी : डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास

 | 
झांसी : डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास


झांसी : डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास


पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, 08 घंटे में नई प्रतिमा स्थापित

झांसी, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में चिरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत करगुवां गांव में सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने के लिए बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा देर रात क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सुबह जब मामला लोगों के संज्ञान में आया तो लोगों में आक्रोश फैल गया। सैकडों लोग घटना स्थल पर एकत्रित हो गए। प्रतिमा गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेतों में लगभग 20 - 25 वर्ष पहले स्थापित की गई थी और स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र रही है।

शुक्रवार सुबह जैसे ही प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने की सूचना फैली, सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और हालात को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। पुलिस बल की मौजूदगी में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के कई नेता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही, नई प्रतिमा जल्द स्थापित करने की भी मांग उठाई गई।

प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। युद्धस्तर पर प्रयास करते हुए करीब 08 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासन के सहयोग से डॉ. आंबेडकर की नई प्रतिमा पुनः स्थापित कर दी गई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश कुछ हद तक शांत हुआ।

इनका है कहना

मोंठ के एसडीएम अवनीश तिवारी ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। प्रथम दृष्टया यह अराजक तत्वों की करतूत प्रतीत होती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है और पुलिस निगरानी जारी है।

पुलिस सेल पर दी जानकारी

थाना चिरगांव प्रभारी राहुल राठौर ने देर शाम बताया कि ग्राम-करगुआं में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रकरण में सूचना प्राप्त होने पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारीगण मौजूद हैं एवं तत्काल नई प्रतिमा स्थापित कराई गई है। प्रकरण में अभियोग पंजीकृत करते हुए आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है, स्थिति सामान्य है। दोषियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी हेतु टीमों का गठन किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया