home page

खाना बनाते समय फटा सिलेंडर, महिला बाल-बाल बची और गृहस्थी हुई राख

 | 
खाना बनाते समय फटा सिलेंडर, महिला बाल-बाल बची और गृहस्थी हुई राख


घर में आग लगने से गृहस्थी हुई राख, लाखों का नुकसान

हमीरपुर 17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे बिवांर क्षेत्र के छानी खुर्द गांव में बुधवार को गैस सिलेंडर फटने की एक खौफनाक घटना हो गई ,जिसमें खाना बना रही महिला बाल-बाल बच गई। हालांकि आग लगने से 70 हजार नकद और लगभग डेढ़ लाख का गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।

छानी खुर्द गांव के हरदौललाला मोहल्ला की सुबरातन पत्नी बाकर ने बताया कि बुधवार को वह रसोईघर में खाना पका रही थी उसी दौरान गैस सिलेंडर में आग लग गई। महिला ने बताया कि उसने अपने पुत्र बफाती को बुलाया जिसने सिलेंडर में लगी आग बुझाने की भरपूर कोशिश की लेकिन आग नहीं बुझी बल्कि देखते-देखते आग और भड़क गई जिसने पूरे घर को चपेट में ले लिया।दोनों ने भागकर खुद को सुरक्षित किया। बताया कुछ ही देर में गैस सिलेंडर भी जोरदार धमाके से फट गया ,जिससे छप्पर के खपरैल लगभग सौ मीटर दूर जाकर गिरे। बताया कि पड़ोसियों की मदद से आग पर बड़ी मुश्किल से काबू पाया गया ,लेकिन तब तक पूरी गृहस्थी जल चुकी थी। पीड़ित बाकर ने बताया कि वह निजी गाड़ियों की ड्राइवरी करता है और उसकी मां सब्जी का ठेला लगाती है। बताया कि इस घटना में पूरे घर के साथ-साथ उसका 70 हजार नकद ,पुराने जेवरात , अनाज व अन्य गृहस्थी का सामान जल गया है ,जिसमें उसे लगभग ढाई लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। वहीं नुकसान की जांच करने पहुंचे गांव के लेखपाल जीतेन्द्र ने बुधवार को बताया कि पीड़ित के बयानों के आधार पर क्षति की रिपोर्ट बनाकर प्रशासन को भेज दी है। बिंवार थाना प्रभारी नंदराम प्रजापति ने बताया कि रिहायशी घर में गैस सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग में गृहस्वामी का सारा सामान राख हो गया। हादसे की जांच कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा