home page

म्यूल अकाउंट जांच में साइबर क्राइम टीम की बड़ी कार्रवाई, 60 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजैक्शन का खुलासा

 | 
म्यूल अकाउंट जांच में साइबर क्राइम टीम की बड़ी कार्रवाई, 60 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजैक्शन का खुलासा


म्यूल अकाउंट जांच में साइबर क्राइम टीम की बड़ी कार्रवाई, 60 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजैक्शन का खुलासा




देवरिया, 03 अप्रैल (हि.स.)। देवरिया में साइबर क्राइम पुलिस टीम ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट के जरिए फर्जी लेन-देन करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से भारी मात्रा में दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय ने आज बताया कि थाना साइबर क्राइम टीम ने 2 अप्रैल को कार्रवाई करते हुए बरहज थाना क्षेत्र के बेलडाड़ मोड़ के पास से आरोपित माखन लाल गुप्ता को गिरफ्तार किया। वह बरगइया टोला, जयनगर वार्ड नंबर-4 का निवासी है। जांच में सामने आया कि उसने “लेक्सी रुफ सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड” नाम से एक डमी कंपनी बना रखी थी, जिसके जरिए कई बैंक खातों का संचालन किया जा रहा था। इस नेटवर्क में कुल 9 खाते शामिल पाए गए। इन खातों पर विभिन्न राज्यों से एनसीआरपी पोर्टल पर 46 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, इन खातों के माध्यम से अब तक करीब 60 करोड़ रुपये का संदिग्ध ट्रांजैक्शन किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के पास से 11 चेकबुक, 9 एटीएम कार्ड, पासबुक, आधार कार्ड, विभिन्न कम्पनियों के एग्रीमेंट दस्तावेज, जीएसटी रजिस्ट्रेशन, कंपनी के एमओए और एओए सहित बड़ी संख्या में कागजात बरामद किए गए। इसके अलावा एक एप्पल मोबाइल फोन और दो डेल लैपटॉप भी जब्त किए गए हैं।

उन्हाेंने बताया कि इस संबंध में थाना साइबर क्राइम देवरिया में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66D में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लेन-देन की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में दें।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक