साइबर अपराध पर त्वरित कार्रवाई के लिए कर्नलगंज थाने में शुरू हुई हेल्प डेस्क : अतुल श्रीवास्तव
कानपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए कर्नलगंज थाना में साइबर हेल्प डेस्क शुरू की गई है। यह बातें मंगलवार को डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने कर्नलगंज थाना में साइबर हेल्प डेस्क के उद्घाटन के दौरान कहीं।
डीसीपी ने बताया कि साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस ने थाने स्तर पर विशेष व्यवस्था शुरू की है। साइबर हेल्प डेस्क पर ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल लेनदेन से जुड़े मामलों में पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए हेल्प डेस्क पर आवश्यक तकनीकी संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
डीसीपी ने बताया कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे मामलों में शुरुआती समय में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है। हेल्प डेस्क के जरिए पीड़ितों की शिकायतों को संबंधित साइबर टीम और अन्य इकाइयों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
उद्घाटन के दौरान एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने बताया कि हेल्प डेस्क का उद्देश्य साइबर अपराध से प्रभावित लोगों को सही प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही पुलिस और पीड़ित के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
पुलिस की ओर से लोगों को डिजिटल लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध कॉल या संदेश मिलने पर निजी अथवा बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई। अधिकारियों के अनुसार साइबर अपराध की सूचना समय से मिलने पर पीड़ित के धन को सुरक्षित कराने और आरोपितों तक पहुंचने की कार्रवाई अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकती है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

