home page

सीएसजेएमयू में 12-13 सितंबर को होगा ‘एआई मंथन 2.0’

 | 
सीएसजेएमयू में 12-13 सितंबर को होगा ‘एआई मंथन 2.0’


कानपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में 12 और 13 सितंबर को दो दिवसीय ‘एआई मंथन 2.0’ का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में प्रदेश के विश्वविद्यालयों के पदाधिकारी और एआई के क्षेत्र में काम कर रहे विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को सेंटर फॉर एकेडमिक में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।

कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि ‘एआई मंथन 2.0’ का उद्देश्य उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, संभावनाओं और उससे जुड़े विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करना है। उन्होंने आयोजन से जुड़ी सभी समितियों के समन्वयकों से तैयारियों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं।

सम्मेलन में प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालय, कृषि विश्वविद्यालय, तकनीकी विश्वविद्यालय और चिकित्सा विश्वविद्यालयों के कुलपति, रजिस्ट्रार, परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी और एआई नोडल अधिकारी समेत 450 से अधिक प्रतिनिधि और विषय-विशेषज्ञ शामिल होंगे। दो दिनों तक एआई के विभिन्न पहलुओं, उच्च शिक्षा में इसके उपयोग और संस्थानों में तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल को लेकर चर्चा होगी।

सम्मेलन की अध्यक्षता प्रदेश की कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आयोजन से संबंधित विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। बैठक में तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने पर जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप