सीएसजेएमयू: बिना प्रवेश पत्र और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी, 02 मई से सम सेमेस्टर परीक्षा शुरू
कानपुर, 01 मई (हि.स.)। परीक्षा में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री लाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, सभी छात्र-छात्राएं नियमों का पालन करते हुए परीक्षा में शामिल हों। बिना प्रवेश पत्र के किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य है और इसी आधार पर ही छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति मिलेगी। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। यह बातें शुक्रवार को डॉ. बी पी सिंह ने कही।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) परिसर में सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 02 मई से शुरू होकर 20 मई तक संचालित होंगी। इस दौरान लगभग 14 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय परिसर में संचालित 140 प्रोग्राम के 1276 कोर्स के पेपर कराए जाएंगे।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम पांच बजे तक होगी। इसके लिए परिसर के 19 विभागों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा प्रभारी के अनुसार द्वितीय सेमेस्टर में 6057, चौथे सेमेस्टर में 4510, छठे सेमेस्टर में 2709, आठवें सेमेस्टर में 659 और दसवें सेमेस्टर में 58 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अन्य विभागों के शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएगी। इसके साथ ही डीन एकेडमिक्स, परीक्षा प्रभारी और वरिष्ठ प्रोफेसरों की टीम दोनों पालियों में समय-समय पर परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेगी।
परीक्षा में वही छात्र शामिल हो सकेंगे जिनकी उपस्थिति 75 फीसदी पूरी है। जिन छात्रों की उपस्थिति कम थी, उनके लिए रेमेडियल कक्षाएं आयोजित कर उपस्थिति पूरी कराई गई। इसके बाद भी यदि किसी छात्र की उपस्थिति पूरी नहीं होती है, तो उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार बिना प्रवेश पत्र के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। छात्र-छात्राओं को मोबाइल, स्मार्ट वॉच, एअर बड, एअर फोन, ब्लूटूथ डिवाइस या किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री लाने पर प्रतिबंध रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

